न्यूज अपडेट्स
शिमला, 14 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पूर्व मुख्य अभियंता विमल नेगी की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई की 5 सदस्यीय टीम दिल्ली से शिमला पहुंची है। इस कड़ी में टीम ने एक पुलिस अधिकारी और शुरूआती जांच करने वाली एसआईटी के कुछ कर्मियों से मंगलवार को पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार जांच एजैंसी ने इस दौरान शुरूआती पुलिस कार्रवाई, साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया और जांच से संबंधित तथ्यों की जानकारी ली।
विमल नेगी 10 मार्च 2025 को शिमला से लापता हुए थे। 18 मार्च को उनका शव बिलासपुर जिले में गोबिंद सागर झील के पास बरामद हुआ था। उनकी पत्नी ने विभाग के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक दबाव बनाने के आरोप लगाए थे।
मामले की शुरूआती जांच हिमाचल पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने की थी, जिसके बाद हाईकोर्ट ने जांच सीबीआई को सौंपने के आदेश दिए थे।
जांच के दौरान विमल नेगी की पैन ड्राइव में मौजूद डिजिटल साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोप भी लगे थे। इसके तहत एजैंसी ने इस मामले में एक निलंबित एएसआई को गिरफ्तार किया था, जिसे बाद में अदालत से जमानत मिल गई। ऐसे में सीबीआई की इस करवाई को शुरूआती जांच की प्रक्रिया और साक्ष्यों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल के रूप में देखा जा रहा है।
