न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 23 अक्टूबर। कुल्लू जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। जिला डिटैक्शन सैल, कुल्लू की टीम ने बरशैणी-तोष सड़क मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक महिला को 2.022 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को जिला डिटैक्शन सैल की टीम हिम ट्रैक/ जै-जै धार और बरशैणी-तोष सड़क पर स्थित पार्किंग के समीप गश्त व नाकाबंदी पर मौजूद थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक महिला को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 2.022 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार की गई आरोपी महिला की आयु 39 वर्ष है, जो मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है और वर्तमान में कुल्लू के तोष गांव में रह रही थी। इस संबंध में पुलिस थाना मनीकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी महिला को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर के कुशल नेतृत्व और सख्त दिशा-निर्देशों के तहत जिला पुलिस नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।
एसपी अभिषेक सेकर के मार्गदर्शन में पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई चेन में कौन-कौन से अन्य लोग या नेटवर्क शामिल हैं। पुलिस का यह अभियान आगे भी इसी कड़ाई से जारी रहेगा।
