Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: कैफे में चल रही थी रेव पार्टी, पुलिस ने मारा छापा, चरस, चिट्टा, गांजा और अवैध शराब बरामद

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
धर्मशाला, 24 अगस्त। हिमाचल प्रदेश की विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में नशे के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। खुद डीआईजी नॉर्दर्न रेंज सौम्या सांबशिवन के नेतृत्व में कांगड़ा पुलिस ने अप्पर भागसूनाग स्थित एक कैफे में चल रही रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से चरस, चिट्टा, गांजा और अवैध शराब बरामद कर कैफे मालिक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने रविवार को मैक्लोडगंज थाना क्षेत्र के तहत अप्पर भागसूनाग में स्थित जंगल कॉलिंग कैफे में दबिश दी। इस पुलिस रेड के दौरान मौके से 25.94 ग्राम चरस, 5.35 ग्राम गांजा, 1.25 ग्राम चिट्टा और 19 कैन बीयर बरामद की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैफे के मालिक राकेश कुमार और पश्चिम बंगाल के रहने वाले विजित भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मैक्लोडगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

सोशल मीडिया और सीक्रेट ग्रुप्स से होती थी बुकिंग

पुलिस की प्रारंभिक जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि कैफे मालिक द्वारा 22 और 23 अगस्त की रात को इस रेव पार्टी का आयोजन किया जा रहा था। इस पार्टी में युवाओं और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सोशल मीडिया और सीक्रेट (क्लोज्ड) ऑनलाइन ग्रुप्स के जरिए डिजिटल प्रचार किया जा रहा था। पुलिस ने इन सीक्रेट ग्रुप्स और डिजिटल प्रचार के स्क्रीनशॉट सहित कई अहम साक्ष्य (सबूत) जुटा लिए हैं। इसके अलावा, जांच में यह भी पाया गया कि कैफे के पास शराब परोसने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।

कला और संगीत की आड़ में युवाओं को नशे में धकेलने की साजिश : डीआईजी सौम्या

इस बड़े ऑप्रेशन का नेतृत्व करने वालीं डीआईजी नॉर्दर्न रेंज सौम्या सांबशिवन ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर रेव पार्टी का आयोजन एक बेहद खतरनाक चलन बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कला, संगीत और भावनाओं की आड़ में युवाओं को नशे के गहरे जाल में धकेला जा रहा है, जो चिंता का विषय है। डीआईजी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पुलिस ऐसे अवैध आयोजनों पर पैनी नजर रख रही है और भविष्य में भी नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!