न्यूज अपडेट्स
शिमला, 13 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की प्रमुख सेब मंडी पराला (ठियोग) में सेब खरीद में धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली के एक व्यापारी पर करीब 43 लाख रुपए की पेमैंट हड़पकर फरार होने का आरोप लगा है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पराला मंडी के आढ़तियों ने खुद ही आरोपी व्यापारी को पकड़ लिया और उसे ठियोग पुलिस के हवाले कर दिया है। आढ़तियों ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उनकी फंसी हुई लाखों रुपए की पेमैंट वापस दिलाने की मांग की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में आढ़तियों ने बताया कि दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके के रहने वाले व्यापारी अशोक कुमार ने बीते साल पराला मंडी में अलग-अलग आढ़तियों और बागवानों से करीब 43 लाख रुपए का सेब खरीदा था। माल ले जाने के बाद उसने भुगतान नहीं किया और फरार हो गया। आढ़तियों का आरोप है कि व्यापारी ने पेमैंट के एवज में उन्हें जो चैक दिए थे, वे सभी बैंक में बाऊंस हो गए।
पराला मंडी के आढ़ती एवं आढ़ती एसोसिएशन के वाइस प्रैजीडैंट सुशील ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि आरोपी अशोक ने अकेले उन्हें ही करीब 18 लाख रुपए का चूना लगाया है। उनके अलावा मंडी के 5 से 6 अन्य आढ़तियों की भी लाखों रुपए की पेमैंट इस व्यापारी के पास फंसी हुई है, जिसके चलते सभी को भारी आर्थिक नुक्सान झेलना पड़ रहा है।
सुशील ने मौजूदा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे धोखेबाज व्यापारियों की वजह से ही बागवान आढ़तियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हैं। जब कोई व्यापारी लाखों रुपए का माल लेकर बिना पेमैंट किए भाग जाता है, तो आढ़तियों का पूरा बजट बिगड़ जाता है और वे आगे बागवानों (किसानों) को समय पर उनकी फसल का भुगतान नहीं कर पाते।
इस घटना के बाद आढ़तियों में भारी रोष है। आढ़ती एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार और कृषि उपज विपणन समिति से पुरजोर मांग की है कि मंडी में सेब खरीदने आने वाले बाहरी राज्यों के व्यापारियों पर कड़ा शिकंजा कसा जाए। उन्होंने कहा कि मंडी में काम करने से पहले हर व्यापारी की सही जांच अनिवार्य की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यापारी किसानों-आढ़तियों का पैसा लेकर भाग न सके।
वहीं, दूसरी ओर आढ़तियों द्वारा पकड़े गए व्यापारी अशोक कुमार ने अपने बचाव में सफाई दी है। उसका कहना है कि बीते साल सीजन के आखिर में उसके पास सेब का स्टॉक ज्यादा हो गया था। उसी समय अचानक सेब का बाजार गिर गया, जिससे उसे भारी नुक्सान उठाना पड़ा और वह आढ़तियों का भुगतान नहीं कर सका। फिलहाल, पराला मंडी के आढ़तियों की लिखित शिकायत के आधार पर ठियोग पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।
