न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 13 अगस्त। नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 13 करोड़ रूपये की लागत से निर्माणाधीन 33 के.वी. बम्म-हटवाड़ विद्युत उप-केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को समयबद्ध कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिये।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि बम्म-हटवाड़ 33 के.वी. विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है तथा आगामी 6 माह में इस कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से इस क्षेत्र में बिजली की कम वोल्टेज तथा लगने वाले बिजली कट की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस विद्युत उपकेंद्र को जाहू-धर्मपुर के साथ जोड़ा जा रहा है, जिससे इस क्षेत्र को एक वैकल्पिक विद्युत सप्लाई की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
राजेश धर्माणी ने कहा कि वर्तमान में केवल सिंगल लाइन कांगू से ही इस क्षेत्र में बिजली का आपूर्ति की जा रही है, जिससे कई बार विभिन्न तरह की समस्याओं से विद्युत उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बम्म-हटवाड़ परियोजना का कार्य पूर्ण हो जाने से इस क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तायुक्त तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में बिजली की समस्या के स्थाई समाधान के लिए घुमारवीं में भी 132 के.वी. विद्युत उपकेंद्र का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विद्युत वितरण नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कंदरौर से कांगू तक 33 केवी लाइन के रिकंडक्टिरिंग का कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रदेश के सबसे सुदृढ़ विद्युत नेटवर्कों में शामिल हो इस दिशा में प्रदेश सरकार पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है।
