न्यूज अपडेट्स
मंडी, 16 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तीन ट्रकों से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के कीरतपुर-मनाली हाईवे पर अलसू फोरलेन चौक के पास हुआ। मृतक की पहचान हरियाणा निवासी लोकराम के 26 वर्ष पुत्र आकाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार में पांच लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शी विवेक शर्मा (निवासी हमीरपुर) के अनुसार, वह देर रात अपनी गाड़ी लेकर भुंतर से नालागढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान अलसू चौक के पास एक सफेद रंग की कार (HR 51 CX 8809) बेहद तेजी से गुजरी। कार ने पहले सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को टक्कर मारी और फिर उसके आगे खड़े दूसरे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा घूमकर सड़क पर आ गया और विवेक की गाड़ी से भी टकरा गया।
हादसे की आवाज सुनकर इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों ने पांचों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य चार घायलों विवेक, सचिन, परवीन और पीयूष को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। ये सभी युवक हरियाणा के रहने वाले हैं। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
