न्यूज अपडेट्स
शिमला, 08 जुलाई। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल में अव्यवस्थाएं सामने आ रही हैं। पोर्टल पर एक ही स्टेशन के अलग-अलग विकल्प दिए जाने के कारण यात्रियों को बसों की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है और कई यात्री ऑनलाइन बुकिंग से वंचित रह जाते हैं।
चंडीगढ़ स्टेशन के लिए पोर्टल पर तीन अलग-अलग विकल्प दिखाई दे रहे हैं—चंडीगढ़ सेक्टर-17, चंडीगढ़ सेक्टर-43 और केवल चंडीगढ़। इनमें से केवल “चंडीगढ़” नाम वाले विकल्प में ही बुकिंग के लिए बसें दिखाई देती हैं, जबकि चंडीगढ़ सेक्टर-17 और सेक्टर-43 के विकल्प में वॉल्वो बसों की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो रही है।
ऐसे में कई यात्री चंडीगढ़ सेक्टर-17 या सेक्टर-43 का विकल्प चुनकर बसों की तलाश करते हैं, लेकिन वहां वॉल्वो बसें नहीं दिखने के कारण उन्हें लगता है कि संबंधित रूट पर बस सेवा उपलब्ध नहीं है। परिणामस्वरूप यात्री HRTC की बसों में टिकट बुक नहीं कर पाते और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अन्य निजी साधनों का सहारा लेने को मजबूर हो जाते हैं।
यात्रियों का कहना है कि एक ही स्टेशन के लिए अलग-अलग विकल्प होने से भ्रम की स्थिति बनी हुई है। यदि सभी बसों और सेवाओं को सही स्टेशन विकल्प के साथ पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाए, तो यात्रियों को सुविधा मिलेगी और निगम की ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी बढ़ सकती है।
HRTC के बुकिंग पोर्टल की इस व्यवस्था से निगम को वित्तीय नुकसान होने की भी संभावना है। जब यात्री बसों की उपलब्धता नहीं देख पाते, तो वे निजी बसों, टैक्सियों या अन्य परिवहन साधनों का विकल्प चुन लेते हैं। बावजूद इसके, प्रबंधन इस समस्या से बेखबर दिखाई दे रहा है।
यात्रियों ने HRTC प्रबंधन से मांग की है कि ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल की तकनीकी खामियों को जल्द दूर किया जाए तथा चंडीगढ़ सेक्टर-17, सेक्टर-43 और चंडीगढ़ के विकल्पों में उपलब्ध बसों की सही जानकारी प्रदर्शित की जाए, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
