न्यूज अपडेट्स
शिमला, 01 जुलाई। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को धमकी देने और उनके खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने को लेकर हमीरपुर के एक व्यक्ति की शिकायत पर सदर पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सदर पुलिस ने इस मामले को संवेदनशील मानकर मामले की छानबीन और कार्रवाई तेज कर दी है। हमीरपुर के वार्ड नंबर 6 (शिव नगर) निवासी ने इस मामले की शिकायत पुलिस में की है। उन्होंने बताया कि फेसबुक पर रिशु शर्मा नाम के अकाऊंट से एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट की है।
इस वीडियो में उसने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर उन्हें धमकियां दी हैं। सदर थाना में इस संदर्भ में मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे मामला दर्ज किया गया है।
सूत्रों से जानकारी मिली है कि मामले के सामने आने के बाद कथित आरोपी युवक ने फेसबुक अकाऊंट से उस वीडियो को डिलीट कर दिया है। पुलिस ने इस मामले को लेकर अपनी कार्रवाई काफी तेज कर दी है। इसके बारे में एडीशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने बीएनएस 196, 296, 351(2 ), 352, के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
