न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 01 अगस्त। (अनिल) HRTC बिलासपुर डिपो में नए बस अड्डा प्रभारी की तैनाती कर दी गई है। विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अब फिरोज खान को बिलासपुर बस अड्डे का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, जनहित को ध्यान में रखते हुए 10 जुलाई को निरीक्षक राकेश कुमार का तबादला बिलासपुर यूनिट से हमीरपुर यूनिट के लिए किया गया था। इसके बाद 13 जुलाई को विभाग की ओर से आदेश जारी करते हुए 31 जुलाई से राकेश कुमार के रिलीविंग आदेश जारी कर दिए गए थे। साथ ही उन्हें हमीरपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक के समक्ष रिपोर्ट करने के निर्देश भी दिए गए है।
विभागीय आदेशों के तहत 31 जुलाई को राकेश कुमार के बिलासपुर डिपो से कार्यमुक्त होने के बाद अब फिरोज खान को बस अड्डा प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति के साथ ही बिलासपुर डिपो को नया बस अड्डा प्रभारी मिल गया है।
गौरतलब है कि बस अड्डा प्रभारी की जिम्मेदारी यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने, बसों के संचालन की निगरानी करने तथा बस अड्डे की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने की होती है। ऐसे में अब यात्रियों को नए प्रभारी से बेहतर प्रबंधन और सुविधाओं की उम्मीद है।
