Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, सास और देवर पर लगाए गंभीर आरोप

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
कुल्लू, 30 जून। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बजौरा से सटी गड़सा वैली के सचाणी गांव में एक विवाहिता द्वारा ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका ने कीटनाशक (घास छिड़कने वाली दवाई) निगल कर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सचाणी निवासी 40 वर्षीय दिल्ली देवी पत्नी संगत राम ने अज्ञात कारणों से जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे गंभीर अवस्था में पहले सीएच तेगुबेहड में भर्ती करवाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सा अधिकारी ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रैफर कर दिया। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में महिला की गंभीर हालत को देखते हुए 28 जून को उसे लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक मंडी भेजा गया, जहां से उसे आगे एम्स बिलासपुर के लिए रैफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, एम्स बिलासपुर में 28 जून को ही इलाज के दौरान दिल्ली देवी ने दम तोड़ दिया।

मृतका की माता रामी देवी ने पुलिस को दिए अपने बयान में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रामी देवी ने बताया कि 27 जून को उनके दामाद संगत राम ने फोन पर सूचना दी थी कि दिल्ली देवी ने जहर खा लिया है और वह कुल्लू अस्पताल में दाखिल है। सूचना मिलते ही जब रामी देवी कुल्लू अस्पताल पहुंचीं तो 28 जून को उनकी बेटी को थोड़ी देर के लिए होश आया था। होश में आने पर दिल्ली देवी ने अपनी मां को बताया कि उसकी सास उर्मिला देवी और देवर सुंदर सिंह उसे बिना वजह परेशान करते हैं। एक जमीनी विवाद और सास-देवर की लगातार मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर ही उसने घास में छिड़कने वाली दवाई (जहर) खाई है। रामी देवी का आरोप है कि शादी के महज 2 महीने बाद से ही उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा था।

बेटी के आखिरी बयान के आधार पर माता रामी देवी ने सास उर्मिला देवी और देवर सुंदर सिंह पर बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। कुल्लू के एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गहनता से जांच की जा रही है। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!