न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 09 जुलाई। बिलासपुर के चर्चित कुल्हाड़ी हमला मामले की जांच में पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। जांच के दौरान वारदात में प्रयुक्त वाहन संख्या HP 23A-7920 के मालिक धीरज धर्माणी पुत्र स्वर्गीय प्यारे लाल धर्माणी, निवासी गांव करंगोड़ा, डाकघर बड़ी मझेरवां, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश), आयु 42 वर्ष, को आपराधिक षड्यंत्र में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की कथित संलिप्तता पाए जाने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। इनमें मुकदमा संख्या 172/2013 दिनांक 23 अगस्त 2013 में धारा 307, 324, 323, 341, 506 और 34 आईपीसी तथा मुकदमा संख्या 67/2024 दिनांक 23 फरवरी 2024 में धारा 147, 148, 149, 323 और 307 आईपीसी के तहत थाना सदर, बिलासपुर में मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
