न्यूज अपडेट्स
शिमला, 25 जून। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल टल गई है। बुधवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. नजीम के साथ करीब तीन घंटे चली लंबी वार्ता के बाद कर्मचारी संगठनों ने रात 12 बजे से प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया।
स्टेट HRTC कंडक्टर यूनियन के महासचिव दीपेन्द्र कंवर ने बताया कि वार्ता के दौरान कर्मचारियों की कई लंबित मांगों पर सहमति बनी है। समझौते के तहत कर्मचारियों को एक वर्ष का रात्रि एवं अतिरिक्त समय भत्ता (ओवरटाइम) दिया जाएगा, जबकि अगस्त माह से यह भुगतान नियमित रूप से प्रत्येक माह किए जाने पर भी सहमति बनी है।
उन्होंने बताया कि कंडक्टरों के 2400 ग्रेड पे मामले पर दो सप्ताह के भीतर सर्विस कमेटी की बैठक होगी। कर्मचारियों को एक वर्दी का नकद भुगतान और एक वर्दी का कपड़ा एक माह के भीतर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा 150 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले लंबे रूटों पर परिचालकों को फ्रंट सीट आवंटित करने का निर्णय लिया गया है।
वार्ता में 4-9-14 वित्तीय लाभों के मामले को भी एक माह के भीतर सुलझाने का आश्वासन दिया गया। एसओपी तैयार होने के बाद इसे अगली बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (BOD) बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। वहीं 10 जुलाई तक लंबित पदोन्नतियां करने पर भी सहमति बनी है।
इसके अतिरिक्त मेडिकल रिइम्बर्समेंट के लिए 7 करोड़ रुपये जारी करने तथा चालक-परिचालकों के हितों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रावधान लाने पर भी चर्चा हुई। यूनियन ने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाए जाने के बाद कर्मचारियों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया है, लेकिन सहमति बिंदुओं के क्रियान्वयन पर उनकी नजर बनी रहेगी।
