Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

HRTC बस सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार: DC राहुल कुमार

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 24 जून। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालक-परिचालक यूनियन द्वारा प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन बिलासपुर ने आम जनता को निर्बाध परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कदम उठाए गए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि जिला बिलासपुर में वर्तमान में एचआरटीसी की 113 बसें विभिन्न रूटों पर अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 200 निजी बसें भी जिले में संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी की सेवाओं में किसी भी प्रकार का व्यवधान आने की स्थिति में आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

राहुल कुमार ने बताया कि जिले में एचआरटीसी के 118 चालक तथा 120 परिचालक कार्यरत हैं। राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा अस्थायी चालकों एवं परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि चयनित अस्थायी चालक एवं परिचालकों को 1500 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के पहले ही दिन लगभग 200 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे पर्याप्त संख्या में वैकल्पिक मानव संसाधन उपलब्ध होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त परिवहन सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए होमगार्ड विभाग से भी सहयोग लिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा लगभग 15 से 20 होमगार्ड जवानों को परिचालक तथा लगभग 10 जवानों को चालक के रूप में उपलब्ध करवाने हेतु अनुरोध किया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है तथा आवश्यकतानुसार सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर परिवहन सेवाओं को सुचारू बनाए रखा जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वह किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार आगे भी उचित कदम उठाए जाएंगे ताकि आम जनता को परिवहन संबंधी कोई परेशानी न हो।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!