न्यूज अपडेट्स
चंबा, 26 जून। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह धरवाला के पास त्रिलोचन महादेव क्षेत्र में बिजली के पोलों से लदा एक ट्रक तंग मोड़ पर फंस गया, जिसके कारण राजमार्ग करीब तीन घंटे तक पूरी तरह बंद रहा।
जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 8 बजे ट्रक मोड़ पार करते समय फंस गया और उसका अगला हिस्सा ऊपर उठ गया। इसके चलते सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बसों सहित सैकड़ों वाहन मार्ग खुलने का इंतजार करते रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और जेसीबी मशीन की सहायता से ट्रक को हटाने का कार्य शुरू किया। करीब 11 बजे ट्रक को सुरक्षित किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्से जर्जर हालत में हैं, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है।
