Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: चिट्टा तस्करी मामले में बैंक खातों की जांच में वित्तीय लेन देन का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 07 जून। शिमला में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत छोटा शिमला पुलिस थाना को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वर्ष 2025 के एक चर्चित चिट्टा तस्करी मामले में गहन तकनीकी और वित्तीय जांच के बाद 2 और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नमन शर्मा उर्फ गिन्नी (27) निवासी कसुम्पटी शिमला और हरीश बंसल उर्फ हैरी (27) निवासी ज्यूरी रामपुर, वर्तमान निवासी मैहली शिमला के रूप में हुई है।

गौरतलब है कि 27 अगस्त, 2025 को पुलिस की एसआईयू टीम ने एक गाड़ी से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस संबंध में पुलिस थाना छोटा शिमला में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस पहले ही 2 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है, जिनकी पहचान रोहित पंवार (22) निवासी ज्वालामुखी जिला कांगड़ा व कर्ण सिंह (28) निवासी कसुम्पटी जिला शिमला के रूप में हुई है।

पहले गिरफ्तार हुए आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने इस नैटवर्क की तह तक जाने के लिए साइंटिफिक इन्वैस्टीगेशन का सहारा लिया। पुलिस टीम ने आरोपियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन विश्लेषण और बैंक खातों के वित्तीय लेन-देन की गहनता से कड़ियां जोड़ीं। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि नमन शर्मा और हरीश बंसल भी वारदात के समय और उससे पहले से ही इस नशा तस्करी नैटवर्क में पूरी तरह सक्रिय थे।

चारों आरोपियों के बैंक खातों में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन पाए गए, जिससे यह साबित हुआ कि इन्होंने मिलकर इस चिट्टा खेप को खरीदने, परिवहन करने और आगे सप्लाई करने की पूरी साजिश रची थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जिस गाड़ी से चिट्टे की खेप लाई जा रही थी, वह गाड़ी आरोपी नमन शर्मा उर्फ गिन्नी की ही थी।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि पुख्ता सबूत हाथ लगने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों नमन शर्मा और हरीश बंसल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से यह उगलवाने का प्रयास कर रही है कि वे यह नशा कहां से लाए थे और शिमला में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!