न्यूज अपडेट्स
ऊना, 28 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में ऑनलाइन भुगतान के दौरान मोबाइल फोन बंद हो जाने पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट की।
पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।
पुलिस के अनुसार, तहलीवाल क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 निवासी यूसुफ बाथड़ी से लौट रहे थे, तभी उन्होंने एक पेट्रोल पंप पर अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाया। यूसुफ ने 50 रुपये का पेट्रोल भरवाने के बाद ऑनलाइन भुगतान करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों से फोन चार्ज करने को कहा ताकि भुगतान कर सकें।
पीड़ित के अनुसार, इस बात पर कर्मचारी नाराज हो गए और उसे जबरन एक कमरे में ले जाकर डंडों से पीटा। यूसुफ की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
