न्यूज अपडेट्स
शिमला, 28 अप्रैल। शिमला ज़िला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की धरेच ग्राम पंचायत ने प्रदेश में एक नई मिसाल कायम करते हुए हिमाचल की पहली “ग्रीन पंचायत” का दर्जा हासिल कर लिया है। यहां स्थापित 500 किलोवाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना ने सफलतापूर्वक बिजली उत्पादन शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने कसुम्पटी दौरे के दौरान इस परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया। करीब 1 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से तैयार इस सौर संयंत्र का निर्माण जनवरी 2025 में शुरू हुआ था, जिसे 30 मार्च 2026 को विद्युत ग्रिड से जोड़ दिया गया।
यह सौर परियोजना प्रतिदिन लगभग 3000 यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन कर रही है, जबकि सालाना उत्पादन करीब 8 लाख यूनिट रहने का अनुमान है। इस बिजली को हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा 3.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदा जाएगा, जिससे पंचायत को हर वर्ष लगभग 28 लाख रुपये की आय होगी।
मुख्यमंत्री ने इस पहल को आत्मनिर्भर पंचायतों की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे न केवल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। परियोजना से होने वाली आय का 30 प्रतिशत पंचायत विकास कार्यों, 20 प्रतिशत अनाथों और विधवाओं के कल्याण, 20 प्रतिशत राज्य सरकार, 10 प्रतिशत हिम ऊर्जा और 20 प्रतिशत रख-रखाव पर खर्च किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लगभग 25 वर्षों की आयु वाली यह परियोजना सतत विकास और ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी मॉडल साबित होगी, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा।
