न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 11 अप्रैल। सिरमौर जिला के कालाअम्ब क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चंडीगढ़–ऋषिकेश रूट पर चल रही सीटीयू (CTU) की एक वॉल्वो बस का टायर अचानक चलते-चलते निकल गया। घटना के वक्त बस में कई यात्री सवार थे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टायर निकलते ही जोरदार आवाज हुई, जिससे यात्री घबरा गए। हालांकि, बस चालक ने सूझबूझ और संतुलन का परिचय देते हुए तुरंत वाहन पर नियंत्रण पाया और बस को सुरक्षित रूप से सड़क किनारे रोक दिया। चालक की इस सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से नीचे उतारा गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हो गई।
इस घटना के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने बसों की नियमित जांच और बेहतर मेंटेनेंस की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन रखरखाव को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
