न्यूज अपडेट्स
ऊना, 12 मार्च। हिमाचल से दिल्ली जा रही रात्रि ट्रेन में एक महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14054 में हुई, जो ऊना से दिल्ली की ओर जा रही थी।
जानकारी के अनुसार ट्रेन के जनरल डिब्बे में एक महिला अपने बच्चे के साथ सीट पर सो रही थी। इसी दौरान करीब सुबह 3 बजे पानीपत के पास एक युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। अचानक महिला की आंख खुल गई, जिसके बाद उसने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर डिब्बे में मौजूद अन्य यात्री भी जाग गए। आरोपी युवक वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन भीड़ के कारण वह भाग नहीं पाया। इसके बाद यात्रियों और महिला ने मिलकर आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।
वहीं इसी ट्रेन में एक अन्य यात्री के साथ मोबाइल चोरी की घटना भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यात्री सो रहा था और उसका मोबाइल फोन पेंट की जेब में रखा हुआ था। जब वह नींद से उठा और मोबाइल ढूंढने लगा तो फोन गायब हो चुका था। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने बड़ी चालाकी से उसका फोन निकाल लिया।
इन घटनाओं के बाद यात्रियों में डर और आक्रोश का माहौल है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन में सफर के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
