न्यूज अपडेट्स
मंडी, 12 मार्च। जिले के सरकाघाट उपमंडल के अंतर्गत जनमणी गांव में मोबाइल फोन चलाने को लेकर हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। गुस्से में आकर महिला ने अपने पति पर उबलता हुआ दूध फेंक दिया, जिससे पति लगभग 15 प्रतिशत तक झुलस गया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
बताया जा रहा है कि बुधवार को जनमणी गांव में पत्नी काफी देर से मोबाइल फोन चला रही थी, जिस पर पति ने उसे रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर पत्नी ने रसोई में रखा उबलता हुआ दूध पति के ऊपर फेंक दिया। गर्म दूध पड़ने से पति के चेहरे का कुछ हिस्सा, छाती और पेट झुलस गए।
पति के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई और बाद में घर भेज दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया। घायल पति की शिकायत के आधार पर हटली थाना में पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसपी मंडी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
