न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 12 मार्च। जिला बिलासपुर में गैस सिलेंडरों तथा पेट्रोलियम पदार्थों की कमी को लेकर फैली आशंकाओं के बीच उपायुक्त Rahul Kumar ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि जिले में इनका पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति नियमित रूप से जारी है।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति करने वाले देशों के बीच चल रहे युद्ध के कारण लोगों में यह आशंका पैदा हो गई है कि गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में कमी आ सकती है। लेकिन जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिला बिलासपुर में गैस सिलेंडरों और अन्य पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला बिलासपुर में 14 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनके पास लगभग 4791 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त जिले में पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडार है। फिलहाल जिले में 5459.24 केएल पेट्रोल और 8043.32 केएल डीजल का स्टॉक मौजूद है, जो जिला की जरूरतों के अनुसार पर्याप्त है। ऐसे में आम जनता को गैस सिलेंडर या पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
उपायुक्त ने बताया कि Ministry of Petroleum and Natural Gas द्वारा गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए 25 दिनों की इंटर-बुकिंग सुविधा लागू की गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करवाएं, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के माध्यम से नियमित निरीक्षण अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
उपायुक्त राहुल कुमार ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस सिलेंडरों तथा पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति को लेकर घबराएं नहीं, क्योंकि जिले में इनका पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
