Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

बिलासपुर में LPG सप्लाई पर बड़ी बैठक, घरेलू सिलेंडर पर्याप्त—ADC ने दिए सख्त निर्देश

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 28 मार्च। अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर की अध्यक्षता में आज व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के वितरण को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। साथ ही, गैस एजेंसियों को उनकी व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कुल दैनिक मांग का लगभग 50 प्रतिशत आवंटन किया जा रहा है, जिससे व्यावसायिक आपूर्ति में भी सुधार देखने को मिल रहा है।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति विभिन्न क्षेत्रों के लिए निर्धारित की गई है। इसके तहत शैक्षणिक संस्थानों एवं अस्पतालों के लिए 37 प्रतिशत, होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबों के लिए 36 प्रतिशत, सामाजिक कार्यक्रमों के लिए 9 प्रतिशत तथा फार्मास्युटिकल उद्योग, सरकारी/पीएसयू/कॉरपोरेट इकाइयों एवं कैंटीन के लिए 9 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इन दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ब्रिजेन्द्र पठानिया ने जानकारी दी कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों और पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में 14 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जो उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार नियमित आपूर्ति कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का बुकिंग अंतराल निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से समय पर गैस बुकिंग कराने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

इसके अलावा, कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण अभियान भी चलाए जा रहे हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!