Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, पूर्ण बहुमत के बाद भी डरी है सरकार

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 09 मार्च। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिमला में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि राज्यसभा में नए मित्र के शामिल होने से मुख्यमंत्री काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं, लेकिन पूर्ण बहुमत होने के बावजूद भी सुक्खू सरकार डरी हुई दिखाई दे रही है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनावों में मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने मित्रों से भी झूठ बोला और कई नेताओं को राज्यसभा टिकट का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने भी अपनी पीड़ा सार्वजनिक रूप से साझा की और बयान दिया कि सच बोलने की कीमत उन्हें चुकानी पड़ रही है। नेता प्रतिपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि जब से सुक्खू को सुख की अनुभूति हुई, आनंद का आनंद खत्म होता गया। जिन लोगों ने मुख्यमंत्री सुक्खू को आगे बढ़ाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी मतभेद मोल लिए, उन्हें ही अब सुक्खू ने किनारे लगा दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दावा किया था कि राज्यसभा के लिए आम कार्यकर्ता को टिकट दिया गया है, लेकिन जब उम्मीदवार की संपत्ति का ब्योरा सामने आया तो वह करोड़ों की संपत्ति वाले निकले।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के कार्यकाल में हिमाचल का विकास रुक गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल बाद पूर्व मंत्रियों को भ्रष्टाचार के मामलों में जेल भेजने की बातें करना मुख्यमंत्री की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।

वहीं शिलाई क्षेत्र में पेड़ कटान के मुद्दे पर जयराम ठाकुर ने कहा कि 25 पेड़ों की अनुमति की आड़ में 300 से ज्यादा पेड़ों को काट दिया गया। उन्होंने कहा कि एफआईआर में भी इसका जिक्र है और ट्रांजिट नियम 2023 के तहत निजी भूमि में केवल तीन पेड़ों तक ही कटान की अनुमति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि जब डेढ़ साल बाद कांग्रेस की सरकार नहीं होगी, तब कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी में भी एक कांग्रेस नेता द्वारा करीब दो हजार पेड़ काटे गए और प्रदेश में अवैध वन कटान सरकार के संरक्षण में हो रहा है।

पेखुवाला प्रोजेक्ट को लेकर भी नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि वहां कितनी बिजली उत्पादन हो रही है। उन्होंने कहा कि पेखुवाला परियोजना खत्म होने की कगार पर है और कांग्रेस नेताओं को बताना चाहिए कि वहां यह स्थिति क्यों बनी। बिलासपुर में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले पर उन्होंने कहा कि दोषी के खिलाफ कानून के तहत बुलडोजर कार्रवाई होनी चाहिए।

जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार का अधिकांश मंत्रिमंडल भ्रष्टाचार में संलिप्त है और भाजपा बजट सत्र के दौरान इन सभी मुद्दों को सदन में उठाएगी। हिम-चंडीगढ़ प्रोजेक्ट के तहत बनने वाली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बाहर के लोगों को बसाने के पीछे सरकार की मंशा क्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्या कांग्रेस सरकार हिमाचल को “फॉर सेल” करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश से उद्योगों का पलायन लगातार बढ़ रहा है और इसकी वजह मुख्यमंत्री के मित्रों द्वारा पैदा किया गया डर का माहौल है। साथ ही उन्होंने कहा कि 21 मार्च को मुख्यमंत्री सुक्खू अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे, लेकिन चार साल में चार नई योजनाएं भी शुरू नहीं कर पाए हैं। महिला दिवस के मौके पर भी मुख्यमंत्री ने महिलाओं को सिर्फ घोषणाओं से ठगने का काम किया है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!