न्यूज अपडेट्स
सोलन, 09 मार्च। हिमाचल प्रदेश के सोलन में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। महिला थाना सोलन में दर्ज शिकायत के आधार पर एंबुलेंस में तैनात एक कर्मचारी पर महिला और उसकी जेठानी के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिमला से हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 108 सेवा के माध्यम से एंबुलेंस बुक की थी। जब एंबुलेंस उसके घर के पास पहुंची तो चालक ने फोन कर पूछा कि क्या वह अकेली जा रही है। महिला ने बताया कि उसकी जेठानी भी उसके साथ अस्पताल जाएगी। इसके बाद वह अपने बेटे और जेठानी के साथ एंबुलेंस में सवार हो गई।
आरोप है कि एंबुलेंस में तैनात कर्मचारी ने यात्रा के दौरान उसकी जेठानी के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने महिला के साथ भी बदतमीजी की। अस्पताल पहुंचने पर जब महिला ने अपने पति को घटना की जानकारी दी तो आरोपी ने उसके पति के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
महिला की शिकायत पर महिला थाना सोलन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 75 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी मंडी जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सोलन टी. साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
