न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 28 फरवरी। बिलासपुर शहर के रौड़ा सेक्टर स्थित मस्जिद के बाहर मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। कथित तौर पर शुरू हुई बहसबाजी देखते ही देखते दो गुटों के बीच मारपीट में बदल गई। घटना में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को चोटें आई हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मस्जिद के बाहर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बहस बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पहले पक्ष की ओर से साहिल मोहम्मद ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हारुन मोहम्मद, उसके भतीजे मोहम्मद साहिल, मोहम्मद ऋषभ, मोहम्मद हारुफ और मोहम्मद रफी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से हारुन मोहम्मद ने आरोप लगाया है कि मस्जिद के गेट के पास वाहन धोने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। उनका कहना है कि कथित तौर पर पहले गाली-गलौज की गई और फिर झगड़ा हुआ।
मामला यहीं शांत नहीं हुआ। दोनों गुटों को पूछताछ के लिए सिटी चौकी लाया गया, जहां कथित तौर पर दोनों पक्ष फिर से उलझ पड़े। पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। कुछ समय के लिए चौकी परिसर में भी तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर सदर थाना में क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
