न्यूज अपडेट्स
शिमला/रोहड़ू, 28 फरवरी। चिड़गांव के एक होटल से बिना सूचना तीन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ले जाने के मामले में शिमला पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली पुलिस के एक एसीपी सहित करीब 20 पुलिस कर्मियों को नामजद किया है।
जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक चरण में चिड़गांव थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और संबंधित अधिकारियों को नामजद किया। इस प्रकरण की जांच का जिम्मा आईपीएस अधिकारी एवं एएसपी हेडक्वार्टर अभिषेक को सौंपा गया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे सादे कपड़ों में दिल्ली पुलिस की एक टीम चिड़गांव स्थित एक होटल में पहुंची। टीम ने वहां ठहरे युवा कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को अपने साथ ले लिया। होटल मालिक संदीप रंजन का आरोप है कि स्थानीय पुलिस को पूर्व सूचना दिए बिना यह कार्रवाई की गई।
होटल मालिक ने इस संबंध में शिमला पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जाएगी और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कार्रवाई किन परिस्थितियों में की गई और क्या प्रक्रिया का पालन किया गया था।
