न्यूज अपडेट्स
चंडीगढ़/बिलासपुर, 24 फरवरी। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़-जीरकपुर द्वारा साई-एनटीपीसी वॉटर स्पोर्ट्स एक्सटेंशन सेंटर, बरमाना (कोलडैम), बिलासपुर में आवासीय योजना के तहत बालिकाओं के प्रवेश के लिए चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। यह ट्रायल 1 और 2 मार्च को भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर में संपन्न होंगे।
यह जानकारी देते हुए साई केंद्र प्रभारी विजय प्रकाश नेगी ने बताया कि चयन प्रक्रिया का उद्देश्य रोइंग, कायकिंग और कैनोइंग जैसी जल क्रीड़ा विधाओं में प्रतिभाशाली बालिकाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि यह अवसर विशेष रूप से बालिकाओं के लिए है, जिसमें 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग की प्रतिभागी भाग ले सकती हैं। हालांकि 12 से 16 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
चयन ट्रायल में भाग लेने वाली इच्छुक प्रतिभागियों को जन्म तिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेल प्रमाण पत्र तथा तीन नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।
आवासीय योजना के अंतर्गत चयनित प्रशिक्षुओं को शासन के मानकों के अनुसार निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, शिक्षा शुल्क, चिकित्सीय सुविधा, खेल किट, बीमा सुविधा और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर प्रदान किए जाएंगे। स्पष्ट किया गया है कि ट्रायल में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार का टीए/डीए देय नहीं होगा। चयनित खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से सूचित किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी दूरभाष नंबर 01978-222405 तथा 01978-299033 पर संपर्क कर सकते हैं।
