Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

बिलासपुर: अंतरपीढ़ी समन्वय की अनूठी पहल, विशेष बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को अमृतसर भ्रमण पर भेजा

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 28 फरवरी। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर से अंतरपीढ़ी समन्वय कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष रूप से सक्षम बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के दल को दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल पंजाब के अमृतसर में वाघा बॉर्डर, स्वर्ण मंदिर तथा जलियांवाला बाग का भ्रमण करेगा।

जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला कल्याण अधिकारी के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस एक्सपोजर विजिट में वृद्धाश्रम “अपना घर” देओली एवं विशेष बच्चों के संस्थान “नया सवेरा” नसवाल, घुमारवीं के प्रतिभागी शामिल हैं।

यात्रा दल में “अपना घर” एवं डे-केयर सेंटर के 14 वरिष्ठ नागरिकों के साथ 7 स्टाफ सदस्य तथा “नया सवेरा” संस्थान के 15 विशेष रूप से सक्षम बच्चे एवं 6 स्टाफ सदस्य सम्मिलित हैं। दल शुक्रवार को वाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट परेड का अवलोकन करेगा, जिसके लिए बैठने की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन अमृतसर के सहयोग से सुनिश्चित की गई है। दल अमृतसर में रात्रि विश्राम करेगा और एक मार्च को स्वर्ण मंदिर एवं जलियांवाला बाग का भ्रमण करेगा।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि विशेष रूप से सक्षम बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिक समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण और सम्माननीय हिस्सा हैं। उन्हें भी समान अवसर, सम्मान और सहभागिता का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से इन वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने और नए अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि अंतरपीढ़ी समन्वय कार्यक्रम के तहत जिले में वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और बच्चों के संयुक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम, अनुभव साझा सत्र, स्वास्थ्य शिविर, विद्यालयों में प्रेरक संवाद, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि आपसी समझ, संवेदनशीलता और सम्मान की भावना को मजबूत किया जा सके।

उपायुक्त ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी शाखा बिलासपुर, मानव सेवा ट्रस्ट तथा “नया सवेरा” संस्थान का इस यात्रा के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न संगठनों के सहयोग से ही ऐसे संवेदनशील एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम सफल हो पाते हैं।

इस दौरान उपायुक्त ने वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को फल एवं अल्पाहार वितरित कर सुरक्षित और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं तथा साथ जा रहे स्टाफ को यात्रा के दौरान विशेष देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

यात्रा दल का नेतृत्व प्रकाश बंसल, अध्यक्ष मानव सेवा ट्रस्ट तथा सविता कुमारी, बाल कल्याण अधिकारी द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी आर.सी. बंसल और रेडक्रॉस शाखा बिलासपुर के सचिव अमित कुमार भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!