न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 09 जनवरी। बस अड्डा हमीरपुर से दिल्ली के बीच चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की वोल्वो बस के रूट में बदलाव किया गया है।
पहले यह बस ऊना होते हुए दिल्ली जाया करती थी, लेकिन यात्रियों की कमी को देखते हुए निगम ने अब इसे फोरलेन रूट पर संचालित करने का निर्णय लिया है।
एचआरटीसी तारा देवी डिपो द्वारा संचालित हमीरपुर बस स्टैंड से रात नौ बजे चलने वाली यह वोल्वो बस अब वाया भगेड़ होकर दिल्ली जाएगी। बताया जा रहा है कि पिछले डेढ़ महीने से वाया ऊना रूट पर यात्रियों की संख्या बेहद कम थी, जिससे निगम को नुकसान उठाना पड़ रहा था।
निगम का मानना है कि फोरलेन रूट से बस के संचालन से यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी, यात्रा समय कम होगा और एचआरटीसी की आमदनी में भी इजाफा होगा। साथ ही यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
