न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 11 जनवरी। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत डंगार के गांव चोखणा निवासी सन्नी कुमार (36) पुत्र मेहर सिंह पटियाल का पंजाब के कुराली में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। यह हादसा बीते रविवार रात को हुआ, जिसमें सन्नी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए पी.जी.आई. चंडीगढ़ ले गए, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सन्नी कुमार घर का इकलौता बेटा था। उनके पिता मेहर सिंह पटियाल भारतीय सेना में देश सेवा करते हुए शहीद हो गए थे। पिता की शहादत के बाद सन्नी ही परिवार की एकमात्र उम्मीद और सहारा थे, लेकिन इस सड़क हादसे ने परिवार से वह सहारा भी छीन लिया।
सन्नी कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और बुजुर्ग माता को छोड़ गए हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है।
स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक एवं सामाजिक सहायता देने की मांग की है, ताकि इस गहरे सदमे से टूट चुके परिवार को कुछ संबल मिल सके।
