न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 09 जनवरी। जिला सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र में आज एक अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बस हादसा सामने आया है। शिमला से कुपवी रूट पर जा रही एक निजी बस हरिपुरधार के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में बस चालक बलबीर तोमर सहित करीब 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
इस दुर्घटना में चालक बलबीर तोमर के निधन से परिवहन क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके साथ अन्य मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रदेश भर से जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
