न्यूज अपडेट्स
सोलन, 10 जनवरी। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं और अपने कर्मचारियों के प्रति सम्मान की मिसाल पेश की है। शुक्रवार सुबह सोलन में तैनात निगम के एक युवा परिचालक अनिल का आकस्मिक निधन हो गया। वह रोज़ की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दु: खद समाचार से निगम परिवार और साथियों में शोक की लहर दौड़ गई। चूंकि अनिल का पैतृक गांव नालटी (उपमंडल पालमपुर) था, ऐसे में निगम प्रबंधन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके पार्थिव शरीर को गांव तक पहुंचाने के लिए विशेष बस की व्यवस्था की। दोपहर बाद चालक-परिचालकों ने अपने साथी को अंतिम यात्रा पर एक नायक की तरह सम्मान के साथ रवाना किया।
यह विशेष बस देर शाम करीब दिवंगत अनिल के पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक गांव पहुंची। इस पूरे सफर के दौरान साथी कर्मचारियों की आंखें नम रहीं, लेकिन दिल में अपने साथी के प्रति गर्व और सम्मान साफ झलकता रहा।
HRTC चालक व परिचालक संघ के राज्य उपप्रधान नवीन ठाकुर ने अनिल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि निगम ने इस कठिन घड़ी में जो मानवीय कदम उठाया है, वह हमेशा याद रखा जाएगा। अनिल का यूं असमय जाना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
इस दौरान श्रद्धांजलि स्वरूप न केवल बस के बोनट पर दिवंगत परिचालक की तस्वीर लगाई गई, बल्कि पूरे वाहन को फूलों से सुसज्जित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
