न्यूज अपडेट्स
चंबा, 27 दिसंबर। चंबा पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। SIU टीम ने चंबा–तीसा मार्ग पर कंदला क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी को जांच के लिए रोका।
जांच के दौरान स्कूटी की डिकी की तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। वजन करने पर बरामद चरस की मात्रा 1 किलो 402 ग्राम पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही स्कूटी चला रही महिला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान सलीमा पत्नी आयूब खान निवासी गांव गुवाडा डा, डाकघर नकरोड़, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
चंबा पुलिस के SIU दल ने महज 24 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
