न्यूज अपडेट्स
शिमला, 30 दिसंबर। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए एक नई पहल की है। अब निगम की वोल्वो बीएस-6 नाइट बसों में रात्रि यात्रा के दौरान यात्रियों को कंबल की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस सुविधा की शुरुआत पहले चरण में धर्मशाला से संचालित वोल्वो नाइट सेवाओं में की जा रही है।
निगम प्रबंधन के अनुसार यात्रियों से लगातार मिल रहे फीडबैक के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। भविष्य में यात्रियों की प्रतिक्रिया को देखते हुए इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से अन्य रूटों पर भी लागू किया जाएगा। एचआरटीसी का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
वर्तमान में एचआरटीसी के बेड़े में शामिल अत्याधुनिक बीएस-6 तकनीक से युक्त वोल्वो बसें धर्मशाला, शिमला और मनाली से दिल्ली, हरिद्वार, चंडीगढ़, अमृतसर, चंबा, कटड़ा, रामपुर और बीड़ जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए संचालित की जा रही हैं। निगम के अनुसार ये बसें पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ उन्नत सुरक्षा मानकों, बेहतर सस्पेंशन सिस्टम और आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिससे यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल रहा है।
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से वोल्वो नाइट सेवाओं में स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक कंबल उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा को फिलहाल धर्मशाला रूट पर शुरू किया गया है और यात्रियों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर इसे अन्य मार्गों पर भी विस्तार दिया जाएगा।
