न्यूज अपडेट्स
चंबा, 06 दिसंबर। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में स्थित ग्राम पंचायत जुंगरा के शहवा गांव में एक बड़ा हादसा हो गया। शादी समारोह के दौरान कच्चा मकान अचानक ढह गया, जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। खुशी का माहौल कुछ ही पलों में चीख-पुकार में बदल गया।
पारंपरिक नृत्य के दौरान टूटा पिलर
स्थानीय लोगों के अनुसार, शादी के मौके पर महिलाएं पारंपरिक नृत्य कर रही थीं। इसी दौरान कच्चे मकान का एक लकड़ी का न्हास यानी बीम अचानक टूट गया और पूरा भार नीचे मौजूद महिलाओं पर गिर गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और इसी दौरान पुराने मकान की छत टूट गई।
30 महिलाएं घायल
छत पर बैठे लोग जद में आ गए। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने रेस्क्यू शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। सभी 25-30 घायलों को नागरिक अस्पताल तीसा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं।
गांव में दहशत, प्रशासन अलर्ट
हादसे के बाद पूरे शहवा गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लेने में जुटा हुआ है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे शादी समारोह की रौनक खत्म हो गई है और लोग इस घटना के बाद डरे-डरे भी हैं।
