न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 03 दिसंबर। धर्मशाला में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान भारी हंगामा हुआ है। जोरावर स्टेडियम में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया। छात्र बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। हिमाचल प्रदेश के इस घटनाक्रम से माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्र अपनी 11 मांगों को लेकर सड़क पर उतरे थे। वे मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे और विधानसभा का घेराव करने की कोशिश कर रहे थे। जब छात्रों ने पुलिस बैरियर तोड़ने की कोशिश की, तो पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां भांजी।
हंगामे के दौरान पुलिसकर्मी जोरावर स्टेडियम के गेट के अंदर तक घुस गए। वहां मौजूद छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। बाद में पुलिस ने स्टेडियम के गेट को बंद कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से पीछे हटने की अपील भी की। हिमाचल प्रदेश पुलिस की इस कार्रवाई के वीडियो भी सामने आए हैं।
इस घटना के बाद अब भाजपा भी सुक्खू सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रही है। 4 दिसंबर को भाजपा जोरावर स्टेडियम में विशाल धरना प्रदर्शन करेगी। इसमें शामिल होने के लिए पूरे प्रदेश से भाजपा कार्यकर्ता धर्मशाला पहुंचेंगे। शीतकालीन सत्र के कारण सियासी पारा चढ़ा हुआ है।
