न्यूज अपडेट्स
चंबा, 07 नवंबर। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रतीक चंद्रा ने जानकारी दी है कि स्वास्थ्य खंड चूड़ी के अंतर्गत आने वाली दस पंचायतों में आशा वर्कर के 10 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इन पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन निर्धारित तिथि तक शाम 5 बजे से पहले खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय चूड़ी में जमा करवाएं।
डॉ. चंद्रा ने बताया कि आशा वर्कर के पद ग्राम पंचायत धिमला के धरेड़ी, ब्रेही के सदून, बलौथ के कलौंस, गान के संकरैना, फागड़ी के बंगोटू, चड़ी के सुंधेल, अथलूंई के सलोली, लुड्डू के कठेना और संराहन पंचायत के घटरेड व खुंदेल वार्ड आल्मी में भरे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाली उम्मीदवार संबंधित पंचायत और वार्ड की स्थायी निवासी होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास अनिवार्य रखी गई है। शादीशुदा, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिलाओं को वरीयता दी जाएगी। उम्मीदवार की आयु सीमा 25 से 45 वर्ष तय की गई है और उसे स्थानीय भाषा का ज्ञान होना आवश्यक है।
डॉ. चंद्रा ने बताया कि आवेदन सादे कागज़ पर किए जा सकते हैं, जिनके साथ राशन कार्ड, आठवीं और दसवीं कक्षा के प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य है। आवेदन प्राप्त होने के बाद दस्तावेजों की जांच भी की जाएगी।
