न्यूज अपडेट्स
शिमला, 06 नवंबर। हिमाचल प्रदेश की वादियां अपने सौंदर्य और सुकून के लिए जानी जाती हैं, लेकिन हैदराबाद से आए एक पर्यटक के साथ यहां ऐसा दिलचस्प संयोग हुआ जिसने उसकी यात्रा को और भी खास बना दिया।
हैदराबाद निवासी संतोष कवालास को शिमला में स्थित एसबीआई के एटीएम से 500 रुपए का एक ऐसा नोट मिला, जिसका सीरियल नंबर “174001” था — जो कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले का पिन कोड है।
जानकारी के अनुसार, संतोष इन दिनों हिमाचल के दौरे पर हैं। कुल्लू-मनाली घूमने के बाद जब वे शिमला पहुंचे तो वीरवार सुबह माल रोड स्थित एटीएम से उन्होंने पैसे निकाले। उसी दौरान उन्हें यह अनोखा नोट मिला।
संतोष ने बताया कि उन्हें नोट इकट्ठा करने का शौक है, इसलिए जैसे ही उन्होंने नोट पर नजर डाली, उन्होंने उसका नंबर देखा और तुरंत इंटरनेट पर सर्च किया। उन्हें यह जानकर आश्चर्य हुआ कि यह नंबर हिमाचल के बिलासपुर का पिन कोड है।
उन्होंने कहा — “यह मेरे लिए एक दिलचस्प और यादगार संयोग है। मैं पहली बार हिमाचल आया हूं, और बिलासपुर के नंबर वाला नोट मिलना मेरे लिए शुभ संकेत जैसा लगा।”
संतोष इस नोट को अपनी हिमाचल यात्रा की यादगार निशानी के रूप में संभालकर रखेंगे। उन्होंने कहा कि यह छोटी-सी घटना उनकी यात्रा को हमेशा के लिए खास बना गई है।
