Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हवाई अड्डे के विस्तार को मिली रफ्तार, 460 करोड़ जारी – 1899 करोड़ की राशि जल्द वितरण के निर्देश

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 6 नवम्बर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पर्यटन विभाग द्वारा कार्यान्वित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया कि भूमि अधिग्रहण के लिए 460 करोड़ रुपये की राशि जारी कर लाभार्थियों को वितरित की जा चुकी है, जबकि शेष 1899 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी शीघ्र वितरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार राज्य के पर्यटन विकास और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे न केवल कांगड़ा, बल्कि आसपास के जिलों की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी और प्रदेश में हाई-एंड टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में बनाए जा रहे विभिन्न हेलीपोर्ट्स की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि संजौली और रामपुर हेलीपोर्ट को डीजीसीए से परिचालन की अनुमति मिल चुकी है और अब इनका संचालन शीघ्र शुरू किया जाएगा। वहीं, मंडी जिले के कंगनीधार, कांगड़ा के रक्कड़ व पालमपुर, कुल्लू के सुल्तानपुर, किन्नौर के रिकांगपिओ और हमीरपुर के जसकोट में बन रहे हेलीपोर्ट्स का निर्माण कार्य अगले वर्ष तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से प्रदेश के पर्यटन स्थलों की पहुंच आसान होगी और नए पर्यटन मार्गों के विकास से राज्य में आगंतुकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेलीकॉप्टर संचालन के लिए नए मार्गों की पहचान कर शीघ्र संचालन शुरू किया जाए।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले के औहर पर्यटन परिसर के निर्माण कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। अब तक इस परियोजना का लगभग 46 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने एशियाई विकास बैंक (ADB) की सहायता से चल रही पर्यटन परियोजनाओं की भी समीक्षा की और संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!