Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

सड़क किनारे जलकर खाक हुई HRTC बस, 25 से अधिक यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
मंडी, 11 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब यात्रियों से भरी हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। यह घटना सरकाघाट उपमंडल के अंतर्गत बल्द्वाड़ा–खल्याणा–सुंदरनगर मार्ग पर खल्याणा गाँव के पास घटित हुई।

जानकारी के अनुसार बस संख्या एचपी 31 बी 3781 बल्द्वाड़ा से सुंदरनगर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस खल्याणा के समीप पहुँची, इंजन से अचानक धुआँ उठने लगा। चालक ने खतरे की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोका। कुछ ही पलों में इंजन से आग की लपटें उठीं, जो धीरे-धीरे पूरी बस में फैल गईं।

बस चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को तत्काल बस से बाहर निकालने में मदद की। 25 से अधिक यात्रियों ने समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचाई। सौभाग्य से इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई, हालांकि बस पूरी तरह जलकर राख हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह वही बस थी जो तीन-चार दिन पहले जहमत गाँव के पास तकनीकी खराबी के चलते खड़ी रही थी। मरम्मत के बाद दोबारा रूट पर भेजे जाने के कुछ दिन बाद ही यह दुर्घटना हो गई।

आग की लपटों और बचाव कार्य के कारण मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में यात्रियों से भरी बसों में आग लगने की घटनाएँ बढ़ रही हैं, जिससे क्षेत्रवासी दहशत में हैं।

HRTC सरकाघाट के क्षेत्रीय प्रबंधक मेहर चंद ने कहा कि हादसे की विस्तृत जाँच शुरू कर दी गई है। “हम आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गनीमत रही कि चालक की तत्परता और यात्रियों की फुर्ती से एक बड़ा हादसा टल गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!