न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 11 नवंबर। जिला मुख्यालय बिलासपुर के बस स्टैंड से दिनदहाड़े एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने एक महिला का पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस वारदात से बस स्टैंड क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के अनुसार, यह मामला नशे की लत से जुड़ा हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि युवक चिट्टे जैसी नशे की गिरफ्त में था और पैसे की आवश्यकता के चलते उसने यह कदम उठाया।
पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया गया है। आरोपी की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों में ही कंदरौर और धार पंचायत क्षेत्र में फाइबर केबल चोरी की घटनाएँ सामने आई थीं। धार पंचायत की प्रधान सोमा देवी ने उस समय भी आशंका जताई थी कि चोरी चिट्टे के आदी युवकों द्वारा की गई है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में नशे की बढ़ती लत के चलते चोरी और छिनैती जैसी वारदातें बढ़ रही हैं। लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
