न्यूज अपडेट्स
ज्वालामुखी (कांगड़ा), 16 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां कुछ अज्ञात लोगों ने एक बड़ी लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। जिससे ना सिर्फ स्थानीय लोगों में बल्कि पूरे क्षेत्र में ही दहशत का माहौल बन गया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लूटेरों की तलाश शुरू कर दी है। मामला कांगड़ा जिला के पुलिस थाना जवालामुखी क्षेत्र का है।
यह घटना ज्वालामुखी के भडोली क्षेत्र में बीती रात करीब 10 बजे के आसपास की है। यहां ज्वालामुखी उपमंडल के मझीण चौक के पास अज्ञात हमलावरों ने दुकानदार मंजीत सिंह पर हमला कर दिया। पहले हमलावरों ने मंजीत के साथ मारपीट की और फिर उसे 30 से 40 फीट तक घसीटते हुए उसके पास से नगदी से भरा बैग छीन फरार हो गए। इस हमले में मंजीत को गंभीर चोटें आई हैं।
डीएसपी ज्वालामुखी आरपी जसवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंजीत सिंह ने बताया कि उनके बैग में लगभग 72,600 रुपये थे, जिन्हें वह किसी भुगतान के लिए घर ले जा रहे थे। उन्होंने कहा कि हमलावर गाड़ी में सवार थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
मंजीत की पत्नी ने बताया कि सामान्य तौर पर वह शाम 5:30 से 6 बजे के बीच दुकान का कैश घर ले जाती हैं, लेकिन घटना वाले दिन किसी कारणवश वह दुकान नहीं गई थीं। यह राशि दो दिन पहले ही भुगतान के लिए जुटाई गई थी और उसी समय मंजीत इसे अपने पास लेकर जा रहे थे।
स्थानीय लोग लगातार बढ़ती अपराधिक घटनाओं से भयभीत हैं। केवल दो दिन पहले ही क्षेत्र में एक चोरी की घटना सामने आई थी, जो अभी तक पुलिस की जांच में है। वहीं पिछले सप्ताह फकलोह क्षेत्र में टेंट गोदाम में लगी आग की जांच भी लंबित है। नेशनल हाईवे के किनारे दुकानों में लगातार चोरी की घटनाएं और रात के समय पुलिस गश्त की सीमित सक्रियता ने लोगों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटना ने ज्वालामुखी के नागरिकों को यह सिखाया है कि केवल सतर्कता ही उन्हें अपराधिक घटनाओं से सुरक्षित रख सकती है। साथ ही, प्रशासन से भी अपेक्षा की जा रही है कि वह अपराधियों पर कड़ी नजर रखे और प्रदेश में बढ़ती हुई लूटपाट की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाए।
