Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

बिलासपुर: करलोटी से एम्स बिलासपुर के लिए नई बस सेवा शुरू, ग्रामीणों ने जताया आभार, यहां जानें समयसारिणी

News Updates Network
By -
0

न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 19 नवंबर। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने करलोटी क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए करलोटी–एम्स बिलासपुर नई बस सेवा का शुभारंभ किया। मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया।

बस सेवा शुरू होते ही स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों ने इस सुविधा के लिए मंत्री धर्माणी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सेवा आम जनता, खासकर मरीजों और बुजुर्गों के लिए बेहद सहायक सिद्ध होगी।

मंत्री धर्माणी ने बताया कि नई बस प्रतिदिन सुबह 7 बजे करलोटी से चलकर शुक्र खड्ड, छत, बरठीं, सुन्हानी, पनौल और भगेड़ से होते हुए सुबह 9 बजे एम्स बिलासपुर पहुंचेगी। वापसी में बस शाम 5 बजे एम्स से चलकर शाम 7 बजे करलोटी पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि इस सुविधा से सात पंचायतों समेत आसपास के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले एम्स जाने के लिए लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की भारी खपत होती थी। नई बस सेवा से लोगों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन उपलब्ध होगा।

स्थानीय लोगों ने कहा कि यह बस सेवा मरीजों, बुजुर्गों और गंभीर रोगियों के लिए बड़ी राहत बनकर आई है। समय पर एम्स बिलासपुर पहुंचना अब आसान होगा और शाम को बिना किसी परेशानी के घर वापसी भी सुनिश्चित होगी, जिससे अतिरिक्त खर्च और असुविधा से छुटकारा मिलेगा।

ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार का यह कदम स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच को सरल बनाने के साथ-साथ क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार करेगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!