न्यूज अपडेट्स
शिमला, 22 अक्टूबर। भाईदूज के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए एक बार फिर बड़ा तोहफा दिया है। वीरवार को पूरे प्रदेश में महिलाओं को HRTC की बसों में पूरे दिन नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक उपलब्ध रहेगी।
जानकारी के अनुसार, HRTC प्रबंधन ने सभी ड्राइवरों और कंडक्टरों को निर्देश जारी किए हैं कि, यदि किसी भी स्थान पर कोई महिला बस को रुकने का संकेत देती है, तो बस को अवश्य रोका जाए। ऐसा न करने पर यदि किसी महिला द्वारा शिकायत दर्ज की जाती है, तो संबंधित चालक या परिचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूर्यास्त के बाद सामान्य नियम लागू होंगे, यानी उस समय महिलाओं को बस किराए में पहले की तरह 50 प्रतिशत की छूट ही मिलेगी। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को पहले से ही HRTC बसों में आधे किराए की सुविधा दी जा रही है।
हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी राज्य सीमाओं (बॉर्डर) को लेकर नियम स्पष्ट कर दिए गए हैं। निगम प्रबंधन ने बताया कि भाईदूज और रक्षाबंधन जैसे विशेष अवसरों पर फ्री बस यात्रा की सुविधा सिर्फ हिमाचल प्रदेश की सीमा के भीतर ही मान्य होती है।
जैसे, यदि कोई महिला शिमला से चंडीगढ़ के लिए बस में यात्रा कर रही है, तो उसे परवाणू तक का सफर फ्री मिलेगा। परवाणू के बाद यानी हरियाणा या चंडीगढ़ की सीमा में प्रवेश करते ही सामान्य किराया देना होगा। इसी तरह, यदि कोई महिला चंडीगढ़ से शिमला की ओर आ रही है, तो उसे परवाणू तक किराया देना होगा, जबकि उसके बाद का सफर नि:शुल्क रहेगा।
प्रदेश भर में यह सुविधा हजारों महिलाओं को अपने मायके या भाइयों के घर पहुंचने में राहत देगी। वहीं, परिवहन निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि इस योजना का लाभ लेते समय नियमों का पालन करें ताकि सभी यात्रियों को सुविधा और सुरक्षा मिल सके।
