धर्मशाला, 23 अक्टूबर। साइबर थाना नॉर्थ जोन धर्मशाला की टीम ने ऑनलाइन ठगी के तीन बड़े मामलों का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान के विभिन्न इलाकों से तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी कांगड़ा जिले के तीन अलग-अलग लोगों से कुल 1 करोड़ 2 लाख रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्त थे।
साइबर थाना नॉर्थ रेंज के एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि ये मामले वर्ष 2023 और 2024 के दौरान दर्ज किए गए थे। इनकी जांच के लिए एक विशेष पुलिस टीम राजस्थान भेजी गई थी, जिसने अथक प्रयासों के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
टैलीग्राम टास्क के बहाने 32 लाख की ठगी
पहला मामला वर्ष 2023 का है, जिसमें आरोपीयों ने एक व्यक्ति को टैलीग्राम पर ऑनलाइन टास्क देने के बहाने फंसाकर 32 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने इस मामले में रघुप्रताप सिंह चौधरी पुत्र राजीव चौधरी, निवासी हाईकोर्ट कॉलोनी, जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।
'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर 46 लाख का चूना
दूसरा मामला वर्ष 2024 का है, जिसमें ठगों ने एक व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर फर्जी कानूनी मामले में फंसाने का डर दिखाकर उससे 46 लाख रुपए ऐंठ लिए। इस प्रकरण में पुलिस ने रजनी पुनिया भीयासर निवासी धर्म राम पुत्र जेता राम, जोधपुर (राजस्थान) को दबोचा है।
ऑनलाइन टास्क फ्रॉड में 24 लाख की धोखाधड़ी
तीसरा मामला भी 2023 का है, जिसमें ऑनलाइन टास्क के नाम पर एक व्यक्ति से 24 लाख रुपए की ठगी की गई थी। पुलिस ने इस मामले में राकेश पुत्र मांग लाल निवासी थाटा नगर, जिला फिलौदी (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।
शातिरों से 7.63 लाख रुपए बरामद
एएसपी धीमान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 7.63 लाख रुपए नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।
