न्यूज अपडेट्स
शिमला/बिलासपुर, 07 अक्टूबर। बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के बालूघाट क्षेत्र में हुए भूस्खलन हादसे पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मंगलवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में एक निजी बस (Bilaspur Bus Accident) मलबे में दब गई, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई और कुछ अब भी फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उनके उपचार की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री शिमला से स्वयं हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं और जिला प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है तथा मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने के लिए प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई हैं।