Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

सोलन: रस्सी से गला घोंटकर ट्रांसपोर्ट कंपनी के मुनीम की हत्या, शव झाड़ियों में फेंका

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
सोलन, 04 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में वाकनाघाट क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। झाड़ियों से बरामद शव की पहचान ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत मुनीम प्रेम नारायण (55), निवासी चमरौवा, कानपुर देहात (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक और एक पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों नीरज कुमार (38), निवासी औरैया (उत्तर प्रदेश) और लाखन (19) को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। आरोपियों ने बताया कि 24 सितंबर को कंडाघाट के एक ढाबे पर खाना खाने और शराब पीने के बाद मुनीम प्रेम नारायण और ट्रक चालक नीरज में बहस हो गई। गुस्से में नीरज ने तिरपाल बांधने वाली रस्सी से प्रेम नारायण का गला घोंट दिया और शव को वाकनाघाट स्थित एक फर्नीचर शोरूम के पास झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद लाखन चंडीगढ़ चला गया और नीरज शिमला की ओर निकल गया।

प्रेम नारायण फिरोजाबाद की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में मुनीम का काम करते थे। वह 22 सितंबर को ट्रक (नंबर GJ16AY0157) में चूड़ियां और कांच का सामान लेकर करनाल, पानीपत, अंबाला, सोलन और शिमला की डिलीवरी के लिए निकले थे। 25 सितंबर की रात ट्रक चालक नीरज ने मृतक के बेटे शिवा को फोन कर बताया कि सोलन में माल उतार दिया गया है और सुबह शिमला डिलीवरी के लिए जाएंगे। लेकिन अगले दिन नीरज ने कहा कि उसके पिता कहीं खो गए हैं और बाद में फोन भी बंद कर लिया।

जब शिवा ने तलाश शुरू की तो उसे पता चला कि ट्रक शिमला के ढली थाने के पास खड़ा है। इसके बाद उसने 28 सितंबर को कंडाघाट थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसी बीच वाकनाघाट में झाड़ियों से एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर शिवा ने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की।

शिवा के बयान पर पुलिस ने ट्रक चालक नीरज और पिकअप चालक लाखन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। तकनीकी सबूतों और जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

एसपी गौरव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह माल की डिलीवरी को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। फिलहाल मामले की गहनता से जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!