न्यूज अपडेट्स
शिमला, 04 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के नए कार्यकारी मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने पदभार संभालते ही अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ बैठक के बाद उन्होंने साफ कहा कि अब अधिकारी समय पर दफ़्तर आएंगे और फाइलों को लंबित रखने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं होगी। आदेश के अनुसार किसी भी विभाग की फाइल दो दिन से अधिक एक ही दफ़्तर में लंबित नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि अगर कोई सचिव या निदेशक शहर से बाहर जाता है, तो उसकी जानकारी मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और संबंधित मंत्री को देना अनिवार्य होगा।
प्रदेश की आर्थिक चुनौतियों पर उन्होंने कहा कि हिमाचल की वित्तीय स्थिति फिलहाल संतोषजनक नहीं है और आने वाले छह महीने कठिन होंगे। इसके बावजूद सरकार ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में सात प्राथमिकताओं पर सहमति बनी है, जिन पर अब सरकार का फोकस रहेगा।
संजय गुप्ता ने कहा कि अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव और बिजली बोर्ड के चेयरमैन पद पर रहते हुए मिले अनुभव के आधार पर वह राज्य की बेहतरी के लिए काम करेंगे। सभी विभागों को वित्तीय अनुशासन अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
