न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 02 अक्टूबर। ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के बीच वीरवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। ढालपुर मैदान में निरीक्षण के दौरान तहसीलदार हरि सिंह यादव और देवता भृगु ऋषि के देवलुओं के बीच झड़प हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें देवलू तहसीलदार को खींचकर देवता के शिविर की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के अनुसार तहसीलदार ने देवता के समक्ष माफी भी मांगी।
कुल्लू दशहरा विवाद: ड्यूटी पर तैनात तहसीलदार को देवलुओं ने घसीटा, सरेआम मंगवाई माफी; वीडियो हुआ वायरल#News #RightNewsIndia #KulluDussehra #viralvideohttps://t.co/XNojckouem pic.twitter.com/QdEJYyBA67
— Right News India (@RightNewsIND) October 2, 2025
मामले ने स्थानीय समुदाय और प्रशासन के बीच खाई को और गहरा कर दिया है। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है और तहसीलदार की ओर से भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
स्थानीय लोगों और देव समाज ने इसे देव परंपराओं का अपमान करार देते हुए नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि कुल्लू दशहरा सांस्कृतिक पहचान है और यहां देव परंपराओं का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने इस घटना को लेकर प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसीलदार की कार्यशैली पहले भी विवादों में रही है। साल 2023 में भी उन्होंने देवी-देवताओं के शिविर हटाने का आदेश दिया था जिससे तनाव बढ़ा था। शौरी ने मांग की है कि देव समाज का अपमान करने वाले तहसीलदार को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
तहसीलदार हरि सिंह यादव पहले भी दशहरा उत्सव के दौरान अपने फैसलों के चलते विवादों में घिर चुके हैं। पिछले वर्ष शिविर हटाने के आदेश से भी तनाव फैला था। देव समाज का कहना है कि प्रशासन को धार्मिक भावनाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करना चाहिए, अन्यथा परंपरागत उत्सव की गरिमा प्रभावित होगी।
वायरल वीडियो ने विवाद को और हवा दे दी है। लोग सोशल मीडिया पर प्रशासनिक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं तो कुछ लोग नियमों के पालन के पक्ष में खड़े हैं। हजारों पर्यटकों की मौजूदगी में हुए इस विवाद ने दशहरा उत्सव की छवि को भी धक्का पहुंचाया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि वे स्थानीय समुदाय से बातचीत करके मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। आने वाले समय में इस मामले में और कार्रवाई की संभावना है।
