न्यूज अपडेट्स
शिमला, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) देने की घोषणा की है, जिससे प्रदेश के 1.91 लाख कर्मचारियों और 1.71 लाख पेंशनरों को लाभ मिलेगा। कर्मचारियों को न्यूनतम 800 रुपये से लेकर 8,000 रुपये प्रतिमाह तक का फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा बुधवार को राज्य बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन के राज्य महासम्मेलन में की। इस निर्णय से सरकारी कोष पर 450 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, जिसमें से 225 करोड़ रुपये बकाया एरियर के रूप में दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों और पेंशनरों को तीन प्रतिशत डीए का भुगतान अक्टूबर माह के वेतन के साथ नवंबर में किया जाएगा। यह डीए एक अप्रैल 2025 से प्रभावी माना जाएगा। बकाया राशि दीपावली से पहले ही बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी। वहीं, जुलाई 2023 से मार्च 2025 तक की बकाया राशि के लिए सरकार अलग से आदेश जारी करेगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में 15 मई 2025 से डीए देने की घोषणा की थी, लेकिन प्रतिकूल वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद इसे दीपावली से देने का फैसला लिया गया है।
वर्तमान में सरकार को कर्मचारियों और पेंशनरों को 13 प्रतिशत डीए की राशि अभी और देनी है। जुलाई 2023 और जनवरी 2024 का चार-चार प्रतिशत डीए, जुलाई 2024 का तीन प्रतिशत और जनवरी 2025 का दो प्रतिशत डीए अभी तक लंबित है। इसके अलावा जुलाई 2025 का तीन प्रतिशत डीए भी भविष्य में भुगतान किया जाना है। इनमें से अब तीन प्रतिशत डीए के भुगतान के लिए आदेश जारी हो चुके हैं।
सरकार के इस निर्णय का कर्मचारी संगठनों ने स्वागत किया है। हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष संजीव शर्मा और अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने कहा कि यह फैसला दीपावली के त्योहार पर कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे खुशी से त्योहार मना सकेंगे। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार शेष बकाया डीए की राशि भी शीघ्र जारी करेगी।